Monday, June 1, 2015



मेरी ज़िन्दगी के इस बेशक़ीमती पल ने आज गीत की शक़्ल इख़्तियार की है। आप सभी से मुख़ातिब है।
 
वो मेरी हुई जा रही थी
 
वो मेरी हुई जा रही थी
सब कुछ छोड़, चली आ रही थी।
 
सालों का सफ़र, अपनों का नगर
वो गालियां, रुआंसी हुई जा रही थीं
सब कुछ छोड़, चली आ रही थी।
 
मेरी ज़िन्दगी का, वो प्यार सा दिन था
मेरे इस सफ़र का, सितारा भी संग था
फिर भी, चमन में नमी छा रही थी
अश्क़ों को मेरे, वो तड़पा रही थी
सब कुछ छोड़, चली आ रही थी।
 
कभी उसको देखूं, तो ये सोचता हूँ
नज़र की किंवाड़ों, पे क्या देखता हूँ
जो ठहरे पलक पे, वो उसके हैं अपने
छलकते हैं, आँखों से, यादों के लम्हें
तज कर, सज कर चली आ रही थी।
 
वो मेरी हुई जा रही थी
सब कुछ छोड़, चली आ रही थी।
                                                   __संकल्प सक्सेना 'मुरीद'।



जीवन 
*******

सूरज तू उगता है, आँखों का तारा बनकर 
जीवन तू चलता है, नदिया की धारा बनकर।।

चढ़ती धूप सुहानी, हर दिन की यही कहानी 
माझी, पार है जाना, अपनों का प्यारा बनकर।।

खिलती हुई ये कलियाँ, महकी हुई जवानी 
इन पर ना इतराना, जाएगा बेचारा बनकर।।

नमी है इन आँखों में, सीली हुई हैं राहें 
रोया इन राहों में, वो बादल आवारा बनकर।।

इश्क़ का अफ़साना, आशिक़ का यही फ़साना 
'मुरीद' धुन में गाना, तुम जीवन, इकतारा बनकर।।
                                                          __संकल्प सक्सेना 'मुरीद'।

उशाक़ तेरी राह में, निसार हो चले 
ज़िन्दगी के इल्म का, वो सार हो चले ।। 

मंज़िलों की आँख में, झाँका था इस क़दर 
आसमां भी आशिक़ों के यार हो चले ।।

तूफ़ान से भरी नदी, जाना था इस तरफ़ 
इश्क़ का जुनून था, वो पार हो चले ।।

दिल्लगी नहीं, ये ख़ुमारी का था असर 
जो ख़ाक़ करने आए थे, शिकार हो चले ।।

'मुरीद' तिश्नगी के, सभी इस क़दर हुए 
फ़रीद तेरी राह पे, हज़ार हो चले ।।
                                              __संकल्प सक्सेना 'मुरीद' ।


छवि

भोर सी तुम मेरी प्रियतम 
तिमिर था जीवन मेरा 
धीरे धीरे तुम जो आईं 
सुबह का हर रंग चढ़ा। 

सूरज नज़र आने से पहले 
पंछी-हृदय कलरव करे 
मेहके हुए झोंके पवन के 
सुरभित मेरे मन को करें। 

आहट तुम्हारी थी मधुर 
मन मेरा मचला इस क़दर 
उषा किरण के सामने 
मैं हो रहा था बेख़बर। 

कुछ देर में सूरज उगा 
'छवि' मेरे मन में बस गई थी 
बिखरे थे यूं रंगीं नज़ारे 
वो हमारी हो गई थी। 
__संकल्प सक्सेना 'मुरीद'।